Wednesday, April 26, 2017

सुरो का स्पंदन-पंचम



पंचम सुरो का वो स्पंदन है ,वो पच्चीकारी है जो हर पल कहीं ना कहीं धड़कता है, कही ना कही दृश्य होता है।हांफ़ती पस्त होती जिन्दगी में वो कभी किशोरियत के रंगो से रंग भरता है तो कभी आशा की गुनगुनी किरणों से , और तो और कभी लताओं पर झुलती मंद हवाओं में गुलज़ारियत की सी खुशबु बिखेर देता है । पंचम सुर और साजो से ज़िंदगी के नूर बिखेरता चला गया जो जो इसकी जद मे आया वो माला माल होता चला गया ।


एक पूर्ण समावेशी संगीतकार सुरो कि बिछात का एक ऐसा तिलिस्म पैदा कर गया कि हर उम्र के मन की कपोलो से पंचम सुर फुट कर होठों पे आ टिकता है- चाहे “घर आजा घिर आए बदरा “ हो या “रैना बीती जाए “ या “ तेरे बिना जिंदगी से कोई शिकवा “ हो या “जीवन के हर मोड़ पर मिल जाएंगे हम सफर “ या “जब भी कोई कंगना बोले पायल छनक जाए” या “पिया तू अब तो आजा या “ओ मांझी रे “ या “सातो बार बोले बंसी”।अनगिनत फेहरिस्त है पंचम के संगीत की - जिसमे जितना गहरे उतरो कुछ ना कुछ अचंभित करने वाला सूत्र हाथ लगता है। जब भी कार सड़क के किसी मोड से गुजरती है , स्टियरिंग टर्न करते समय ये ही लाइने याद आती है “ एक राह मुड़ गई तो और जुड़ गई ,मै मुड़ा तो साथ साथ राह मुड़ गई”........ ऐसा लगता है "स्टियरिंग कंट्रोल गिटार की स्ट्रिंग, एकार्डियन और रिदम ने सम्हाल लिया हो" और हम बस राह पे बहते जा रहे है।


किशोर दा ,पंचम और इन्स्ट्रुमेंट का रिश्ता वैसा ही है जैसे दिल दिमाग और श्वास का । जब दादा गाते है तो पंचम उनकीआवाज की गहराई का रास्ता दर रास्ता बनाते चलते है और उस वक्त रिदम एक चित्र बनाते दादा के साथ चलती है । ये अनोखा संगम ही संगीत की चारधाम यात्रा का सुख देता है । जब पंचम के नोटेशन्स पर इन्स्ट्रुमेंट बजते है तो विस्मयकारी बात ये है की साज स्वयं को आत्म मुग्धता की स्थिति में पाते है। हाँ ये संगीत का निजी सुख है जो बांटने से और बढ़ता है अपना अनुभव तो यही कहता है। -योगी योगेंद्र

No comments:

Post a Comment

https://www.facebook.com/sunil.joshi.10888/videos/2237571532949932/